कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को बुधवार सुबह हाईजैक करने की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। नोट में लिखा था कि सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का एयरबस A320neo विमान कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान एक क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में संदिग्ध नोट मिला। नोट में विमान को हाईजैक करने की धमकी लिखी हुई थी। क्रू मेंबर ने तत्काल इसकी जानकारी पायलट को दी, जिसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया।
धमकी की सूचना मिलते ही विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की सघन जांच शुरू की। घटना के समय विमान में 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर समेत कुल 98 लोग सवार थे।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे नोट की जांच कर रही हैं। यह नोट किसने और किन परिस्थितियों में विमान के टॉयलेट में रखा, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले में एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।







