भोपाल। बॉलीवुड की मशहूर फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर खान एक बार फिर धार्मिक भावनाओं से जुड़े विवादों के घेरे में आ गई हैं। मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से जुड़ा है, जहां कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने अपने वकील के माध्यम से अभिनेत्री करीना कपूर खान को एक औपचारिक डिमांड नोटिस भेजा है। यह पूरा विवाद उस पेंडेंट को लेकर है, जिसमें कुरान की आयत लिखी हुई है और जिसे अभिनेत्री ने हाल ही में सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
पेंडेंट में कुरान की आयत, फैशन के लिए उपयोग पर आपत्ति मामले की जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने बताया कि भोपाल की बेगम शाहजहां ने विशेष आस्था और परंपरा के तहत यह पेंडेंट बनवाया था, जिसे वे हमेशा पर्दे में पहनती थीं। इस पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयतें उकेरी गई हैं, जो बेहद सम्मान और अकीदत का विषय है। उनका तर्क है कि ऐसे पवित्र और धार्मिक महत्व के पेंडेंट को केवल फैशन या स्टाइल के रूप में इस्तेमाल करना पूरी तरह गलत है।
‘आस्था को पहुंची है ठेस, माफी न मांगने पर होगी कानूनी कार्रवाई’ अब्बास हफीज का आरोप है कि करीना कपूर ने इस पेंडेंट को केवल फैशन स्टेटमेंट के रूप में पहना और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। दिवाली के पर्व पर इस पेंडेंट को पहने जाने के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि यदि वह इसे ईद के मौके पर भी इस तरह पहनतीं, तब भी उनकी आस्था आहत होती और वे उन्हें ऐसा ही नोटिस देते।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नोटिस भोपाल कोर्ट के माध्यम से भेजा गया है। यदि अभिनेत्री सोशल मीडिया से वह पोस्ट नहीं हटाती हैं और सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती हैं, तो इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उनका पूरी तरह से व्यक्तिगत मत है और इसका उनकी पार्टी कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है।








