धमतरी, 11 नवंबर 2026। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जुआ खेल रहे 15 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 44,890 रुपये नगद और 52-52 पत्ती ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं।
SP भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना पर सिटी कोतवाली, चौकी करेलीबड़ी और थाना सिहावा पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने मिशन ग्राउंड धमतरी में की। यहां जुआ खेलते भावेश जैन निवासी शांति कॉलोनी और कैलाश केशवानी निवासी रत्नाबांधा को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 41,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने ग्राम भेण्ड्री में जैतखाम के सामने पीपल पेड़ के नीचे की। यहां जुआ खेल रहे ज्ञानेश्वर मांड़े, राकेश निषाद, रूपेश निषाद, चंद्रशेखर सिन्हा और टिकेश निषाद को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 1,150 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद हुई।
वहीं, तीसरी कार्रवाई थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा गौठान के पीछे की। यहां से गिरधर निषाद, द्वारिका साहू, नौहर लाल साहू, ईश्वर तारक, मोहन ओटी, अश्वन साहू, संतोष नाथ और राजू साहू को जुआ खेलते पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से 2,540 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।
तीनों मामलों में गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







