Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में बिहान की सोलर दीदियां गांव-गांव पहुंचा रहीं सौर ऊर्जा का उजियारा, 801 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ में बिहान की सोलर दीदियां गांव-गांव पहुंचा रहीं सौर ऊर्जा का उजियारा, 801 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण

ख़बर शेयर करें:
  • ‘दीदी के गोठ’ के 16वें एपिसोड में तीन जिलों की महिलाओं ने साझा किए अनुभव, 76 घरों में स्थापित हुए सोलर कनेक्शन

रायपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी महिलाएं अब सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं सोलर दीदी बनकर गांव-गांव तक सौर ऊर्जा का उजियारा पहुंचा रही हैं। प्रशिक्षण और समूह के सहयोग से महिलाएं सोलर पैनल की स्थापना, तकनीकी कार्यों और उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने जैसे कार्यों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह बना रही हैं।

बिहान के रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ के 16वें एपिसोड में कबीरधाम, बलौदाबाजार और महासमुंद जिले की सोलर दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में बिहान की महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता बिंबिसार नागार्जुन ने योजना और स्व-सहायता समूहों के संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 16 सीएलएफ विक्रेता के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि 801 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में चिन्हित कर प्रशिक्षण दिया गया है। सोलर पैनल स्थापना के लिए 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं और अब तक 76 घरों में सोलर कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं।

कबीरधाम जिले के ग्राम समनापुर की अंजनी पटेल ने बताया कि बिहान से जुड़ने के बाद उन्होंने प्रशिक्षण लेकर सोलर वेंडर के रूप में काम शुरू किया। वहीं बलौदाबाजार जिले के ग्राम चक्रवाय की संगीता धृतलहरे ने सोलर पैनल की फिटिंग, दिशा निर्धारण और रखरखाव से संबंधित प्रशिक्षण का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि इस काम में उनका परिवार भी सहयोग कर रहा है।

इसी तरह महासमुंद जिले के ग्राम कुरुभाठा की अग्नि दीवान ने घर-घर सर्वे कर लोगों को योजना की जानकारी देने और आवेदन प्रक्रिया में सहायता करने के अनुभव बताए। सोलर पैनल स्थापना के कार्य से उन्हें कमीशन के रूप में आमदनी भी हो रही है।

सोलर पैनल लगवाने में मदद करेंगी सोलर दीदियां

कार्यक्रम में बताया गया कि इच्छुक परिवार सोलर पैनल लगवाने के लिए अपने स्व-सहायता समूह, ग्राम संगठन, सीएलएफ या बिहान ब्लॉक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। सोलर दीदियां उपभोक्ताओं को आवेदन से लेकर पैनल स्थापना तक मार्गदर्शन देंगी। आवश्यकता पड़ने पर वे संबंधित बिजली विभाग के साथ समन्वय भी करेंगी।

इस पहल से एक ओर गांवों में स्वच्छ और सस्ती सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *