Home / Entertainment / Ramayana Movie: 4000 करोड़ की ‘रामायण’ रिलीज होते ही छाई, दर्शकों को भाया जटायु-रावण का युद्ध, मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स

Ramayana Movie: 4000 करोड़ की ‘रामायण’ रिलीज होते ही छाई, दर्शकों को भाया जटायु-रावण का युद्ध, मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स

ख़बर शेयर करें:

Ramayana Movie Public Reaction: मुंबई। रणबीर कपूर, साईं पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह था। रिलीज के बाद इसके शानदार विजुअल्स, जटायु और रावण के बीच युद्ध और कलाकारों के किरदारों की खूब बातें हो रही हैं। हालांकि, हर दर्शक फिल्म से पूरी तरह प्रभावित नहीं दिख रहा। सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ ने कहानी और स्टारकास्ट को लेकर सवाल भी उठाए हैं।

पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। दोपहर 2 बजे तक ‘रामायण: पार्ट 1’ ने भारत में 26.44 करोड़ रुपये की नेट कमाई दर्ज की। हिंदी वर्जन से फिल्म को सबसे ज्यादा कमाई हुई, जबकि कन्नड़ और तेलुगु में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला। टिकट बुकिंग को लेकर भी फिल्म की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुक माय शो पर एक घंटे के भीतर 31 हजार से ज्यादा टिकट बुक किए गए।

रणबीर कपूर के डबल रोल ने बढ़ाई उत्सुकता

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के साथ भगवान परशुराम की भूमिका में भी नजर आने वाले हैं। वहीं, साईं पल्लवी मां सीता के किरदार में हैं। फिल्म में सीता स्वयंवर का दृश्य भी दिखाया गया है, जिसमें रणबीर कपूर धनुष उठाते नजर आते हैं। इन दृश्यों को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है।

जटायु और रावण का युद्ध बना सबसे बड़ी चर्चा

फिल्म के कई दृश्यों में जटायु और रावण के बीच होने वाला युद्ध दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। इस सीक्वेंस की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। दर्शकों का कहना है कि इसे देखकर वे भावुक हो गए और सिनेमाघरों में भी इस दृश्य पर अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

फिल्म में जटायु का किरदार अनुपम खेर निभा रहे हैं। उन्होंने भी फिल्म की रिलीज पर पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। एक्स पर वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ”जय राम!” साथ ही कलाकारों, निर्माताओं, तकनीशियनों और पूरी टीम को बधाई देते हुए फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलने की कामना की।

लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे की तारीफ

फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे को भी तारीफ मिल रही है। रामानंद सागर की ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने रवि के अभिनय की सराहना की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि नए संस्करण में लक्ष्मण के किरदार में जिस मासूमियत और गहराई की जरूरत है, वह नजर आ रही है। उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं।

सनी देओल और कुणाल कपूर की भी दिखी झलक

फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आने वाले हैं। पहले पार्ट में उनके किरदार की एक झलक दिखाई गई, जिस पर सिनेमाघरों में तालियां और सीटियां गूंज उठीं। वहीं, कुणाल कपूर देवराज इंद्र की भूमिका में दिखाई देंगे। विवेक ओबेरॉय भी फिल्म का हिस्सा हैं और वह शूर्पणखा के पति विद्युत्जिह्व का किरदार निभा रहे हैं।

यश के अभिनय की तारीफ, रणबीर की एक्टिंग पर सवाल

फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ दर्शक रणबीर कपूर के अभिनय को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो वहीं यश की मौजूदगी और उनके किरदार की तारीफ हो रही है। स्टारकास्ट को लेकर भी लोगों की अलग-अलग राय है। एक यूजर ने यहां तक कहा कि राम और सीता के किरदार में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की जोड़ी होती तो फिल्म और बेहतर लगती।

शानदार विजुअल्स के बीच कहानी और इमोशंस पर बहस

फिल्म के विजुअल्स को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। इसके बैकग्राउंड म्यूजिक की भी तारीफ हो रही है। हालांकि, कुछ दर्शकों को कहानी और किरदारों के साथ भावनात्मक जुड़ाव की कमी महसूस हुई। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि विजुअल्स शानदार हैं और बैकग्राउंड म्यूजिक भी अच्छा है, लेकिन फिल्म एक एक्शन सीक्वेंस से दूसरे सीक्वेंस तक तेजी से आगे बढ़ती है। ऐसे में कहानी और भावनाओं को उतनी जगह नहीं मिल पाती।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *