कोरबा, 05 नवंबर 2026। पर्यावरण संरक्षण और रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर रेल मंडल के कोरबा रेलवे स्टेशन में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘Say No to Single-Use Plastics’ अभियान के तहत रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और वेंडरों को प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक बैग और बोतलों के स्थान पर कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने तथा पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलें अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही यात्रियों और वेंडरों को बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है और इसके विकल्प अपनाकर प्रदूषण को कम करने में योगदान दिया जा सकता है।
रेलवे परिसर और ट्रेनों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की गई। इस अभियान के माध्यम से रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और प्लास्टिक मुक्त परिवेश बनाने का संदेश दिया।







