Home / Madhya Pradesh / BIG NEWS: कच्चा मकान गिरने से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, 5 घायल

BIG NEWS: कच्चा मकान गिरने से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, 5 घायल

ख़बर शेयर करें:

सिंगरौली/भोपाल, 10 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बरहपन गांव में एक दो मंजिला कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान के मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, परिवार के आठ सदस्य रात में खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा और सभी लोग मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। बाद में प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और अरुण की दो वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में बेलामती, सुदर्शन विश्वकर्मा, रोशनी, दीपक और अजय विश्वकर्मा शामिल हैं। सभी घायलों को मलबे से निकालकर बैढ़न के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि मकान की एक दीवार में पहले से दरारें थीं और उसमें से आवाजें भी आ रही थीं। परिवार को खतरे का अंदेशा था, लेकिन मकान की मरम्मत होने से पहले ही पूरा ढांचा ढह गया। मकान पारंपरिक मिट्टी से बना दो मंजिला भवन था।

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। बचाव दल ने देर रात तक मलबा हटाने का काम जारी रखा। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *