रायपुर, 10 नवंबर 2026। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब घर के बाहर कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने पर नागरिकों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। रायपुर नगर निगम सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए नई डिजिटल पहल करने जा रहा है। इसके तहत शहर के सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इससे नागरिक अपने मोबाइल पर कचरा गाड़ी की लाइव लोकेशन और उसके पहुंचने का संभावित समय जान सकेंगे।
इस व्यवस्था के लागू होने से कचरा संग्रहण की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और सफाई व्यवस्था की निगरानी भी आसान होगी।
इंदौर की विशेषज्ञ एजेंसी संभाल रही डिजिटल निगरानी
नगर निगम ने सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए इंदौर में सफलतापूर्वक काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की सेवाएं ली हैं। अब तक 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं। इसके तहत यदि कोई वाहन निर्धारित रास्ते से भटकता है, 30 मिनट से अधिक देरी करता है या किसी स्थान पर 15 से 20 मिनट तक बिना वजह खड़ा रहता है, तो कंट्रोल रूम में स्वतः रेड फ्लैग अलर्ट जारी हो जाएगा।
कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने पर 5 मिनट में होगी जांच
नई व्यवस्था के तहत यदि कोई नागरिक कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत करता है, तो निगम अधिकारी महज 5 मिनट में वाहन का GPS रिकॉर्ड चेक कर सकेंगे। इससे शिकायत की वास्तविक स्थिति का तत्काल पता लगाया जा सकेगा। वहीं, सड़क और नालियों की सफाई के काम को भी डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। इसके लिए सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें अपलोड करना अनिवार्य होगा।
CCTV कैमरों से गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई
शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ भी सख्ती की तैयारी है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। सफाईकर्मी भी सड़क या नाली में कचरा फेंकने वालों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ अपलोड कर सकेंगे। इन साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
कचरा डंपिंग स्थलों को बनाया जाएगा ग्रीन कॉर्नर
शहर के खाली प्लॉटों और मोहल्लों में कचरा डंपिंग की समस्या खत्म करने के लिए नगर निगम ऐसे स्थानों का कायाकल्प कर उन्हें सुंदर ग्रीन कॉर्नर और पार्क के रूप में विकसित कर रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान की तर्ज पर सभी जोनों को हर सप्ताह दो-दो स्थानों को विकसित करने का लक्ष्य दिया गया है। इन स्थानों पर पौधरोपण, लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और बैठने की बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम की इस पहल से रायपुर में सफाई व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।







