Home / Madhya Pradesh / दर्दनाक घटना: मां ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत, गांव में पसरा मातम

दर्दनाक घटना: मां ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत, गांव में पसरा मातम

ख़बर शेयर करें:

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के ग्राम मीनाखेड़ा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ग्राम मीनाखेड़ा निवासी दयाबाई मालवीय के रूप में हुई है। शनिवार सुबह महिला ने अपनी 5 वर्षीय बेटी दक्षु को बाल दिवस के अवसर पर स्कूल जाने के लिए तैयार किया था। इसके बाद वह 5 वर्षीय बेटी दक्षु और 3 वर्षीय बेटे अरविंद को साथ लेकर बेटी को स्कूल छोड़ने की बात कहकर घर से निकली थी।

बताया जा रहा है कि घर से कुछ ही दूरी पर स्थित अपने कुएं में महिला ने दोनों बच्चों के साथ छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल जावरा के निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जावरा सिविल अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। मामले में जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *