भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना छोला थाना क्षेत्र की है। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के चार सदस्यों के शव मकान के अंदर मिले हैं, जबकि परिवार के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर छोला थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला सामूहिक आत्महत्या का है या इसके पीछे हत्या की कोई साजिश है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पांचों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







