Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा के सिवनी स्कूल में शपथ ग्रहण समारोह, CSP योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों को दिलाई जिम्मेदारी निभाने की शपथ

जांजगीर-चांपा के सिवनी स्कूल में शपथ ग्रहण समारोह, CSP योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों को दिलाई जिम्मेदारी निभाने की शपथ

0 साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर छात्रों को किया जागरूक, कहा- आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक

जांजगीर-चांपा, 7 अगस्त 2026। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सिवनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज छात्र-छात्राओं के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम में नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों सहित सभी विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। CSP योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और जिम्मेदारी के महत्व को समझाते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।

CSP खापर्डे ने अपने संबोधन में कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज व देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस की रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल से सावधान रहने और किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

इसके अलावा छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का उद्देश्य रहा।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य किरण लता पाण्डेय, शिक्षकगण, पुलिस विभाग की रक्षा टीम, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सुरक्षा और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *