Home / Chhattisgarh / घर के सामने जुआ खेलने से मना किया तो चाकू से किया हमला, आरोपी आकाश साहू गिरफ्तार

घर के सामने जुआ खेलने से मना किया तो चाकू से किया हमला, आरोपी आकाश साहू गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

बलौदाबाजार, 10 नवंबर 2026। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नया खर्वे में घर के सामने जुआ खेलने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया। गुस्से में आए युवक ने प्रार्थी और उसके बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। घटना में प्रार्थी के बाएं कंधे और दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। मामले में कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 12:10 बजे की है। आरोपी आकाश साहू प्रार्थी के घर के सामने जुआ खेल रहा था और वहां आपस में गाली-गलौज कर रहा था। इस पर प्रार्थी के बेटे ने उसे ऐसा करने से मना किया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के साथ भी आरोपी ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी अपने घर से चाकू लेकर आया और प्रार्थी के बाएं कंधे तथा दाहिने हाथ पर वार कर दिया। घटना के बाद प्रार्थी ने थाना कसडोल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 434/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी आकाश साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुआ खेलने से मना करने की बात पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: आकाश साहू (26 वर्ष), पिता छोटेलाल, निवासी ग्राम नया खर्वे, थाना कसडोल।

SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *