मुंगेली, 10 नवंबर 2026 । दीपावली पर्व के दौरान जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मुंगेली पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ SP भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने 10 दिनों के भीतर जिले के 8 थाना और 2 चौकी क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 331 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 87 प्रकरण दर्ज कर 1 लाख 60 हजार 100 रुपये नगद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सिटी कोतवाली मुंगेली में सबसे अधिक 27 प्रकरण दर्ज कर 50 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 14,250 रुपये जब्त किए गए।
इसी तरह थाना लोरमी में 15 प्रकरणों में 57 आरोपी गिरफ्तार कर 14,710 रुपये, जरहागांव में 14 प्रकरणों में 50 आरोपी गिरफ्तार कर 14,250 रुपये, चिल्फी में 7 प्रकरणों में 27 आरोपी गिरफ्तार कर 9,260 रुपये जब्त किए गए।

थाना फास्टरपुर में 4 प्रकरणों में 14 आरोपी गिरफ्तार कर 4,830 रुपये, सरगांव में 4 प्रकरणों में 12 आरोपी गिरफ्तार कर 14,930 रुपये, पथरिया में 3 प्रकरणों में 14 आरोपी गिरफ्तार कर 7,430 रुपये और लालपुर में 7 प्रकरणों में 26 आरोपी गिरफ्तार कर 5,820 रुपये जब्त किए गए।
वहीं, चौकी डिंडौरी में 2 प्रकरणों में 12 आरोपियों से 23,380 रुपये और चौकी साकेत में 4 प्रकरणों में 19 आरोपियों से 4,470 रुपये नगद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।







