Home / Chhattisgarh / SECL अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसा 6 फीट लंबा धमना सांप, मरीजों और स्टाफ में मची अफरा-तफरी

SECL अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसा 6 फीट लंबा धमना सांप, मरीजों और स्टाफ में मची अफरा-तफरी

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 10 नवंबर 2026। कोरबा जिले के बलगी स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 6 फीट लंबा एक धमना सांप वार्ड के भीतर दिखाई दिया। सांप को देखते ही अस्पताल के कर्मचारियों और भर्ती मरीजों के परिजनों में दहशत फैल गई। सुरक्षा की दृष्टि से लोग वार्ड से बाहर निकलने लगे। कुछ देर के लिए अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड भी सांप की मौजूदगी से प्रभावित रहा।

मामले की जानकारी मिलते ही आशीष सिंह ने वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी। जितेंद्र सारथी ने तत्काल अपनी टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास और संदीप मानिकपुरी को मौके पर रवाना किया। रेस्क्यू टीम ने अस्पताल पहुंचकर सावधानीपूर्वक सांप की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन, कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों ने राहत की सांस ली।

इसी दौरान बलगी क्षेत्र में आशीष सिंह के घर में भी सांप घुसने की सूचना रेस्क्यू टीम को मिली। टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर तलाशी ली और करीब 5 फीट लंबे एक अन्य धमना सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे भी जंगल में प्राकृतिक वातावरण के बीच छोड़ दिया गया। इस तरह एक ही दिन में रेस्क्यू टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से दो सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि धमना सांप सामान्यतः विषहीन होता है और पर्यावरण के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह मुख्य रूप से चूहों जैसे जीवों को खाता है, जिससे उनकी संख्या नियंत्रित रहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, अस्पताल या आसपास कहीं भी सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने अथवा मारने का प्रयास न करें। ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

उन्होंने बताया कि सांप के रेस्क्यू के लिए हेल्पलाइन नंबर 8817534455 और 7999622151 पर संपर्क किया जा सकता है। टीम ने लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और बिना नुकसान पहुंचाए उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *