Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में कैंसर के खिलाफ नई रणनीति: 5 हजार बेड की मेडिसिटी बनेगी, मरीजों का तैयार होगा डेटाबेस; HPV वैक्सीनेशन पर भी जोर

छत्तीसगढ़ में कैंसर के खिलाफ नई रणनीति: 5 हजार बेड की मेडिसिटी बनेगी, मरीजों का तैयार होगा डेटाबेस; HPV वैक्सीनेशन पर भी जोर

रायपुर, 19 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और बेहतर उपचार को लेकर राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ किया। ‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार, अनुसंधान और नई चिकित्सा तकनीकों पर मंथन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है। मरीज को आधुनिक और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने के साथ उसका मनोबल बनाए रखना भी जरूरी है। मरीज को यह भरोसा होना चाहिए कि इस कठिन समय में वह अकेला नहीं है। चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार, परिवार का सहयोग और समाज की सकारात्मक भूमिका मरीज के भीतर बीमारी से लड़ने का हौसला बढ़ाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर आज दुनिया के सामने गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। बीमारी का असर केवल मरीज के शरीर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि मानसिक, पारिवारिक और आर्थिक परिस्थितियों पर भी पड़ता है। ऐसे में कैंसर के उपचार के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेषज्ञों से कैंसर की जल्द पहचान, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और कम लागत में उपचार उपलब्ध कराने के उपायों पर काम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर के उपचार में समय पर पहचान बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान होने से प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य संस्थानों को एक मंच पर लाकर अनुभव और नवाचार साझा करने का अवसर देते हैं। यहां होने वाला विचार-विमर्श भविष्य की स्वास्थ्य नीतियों और उपचार पद्धतियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब शासकीय और निजी मेडिकल कॉलेजों को मिलाकर इनकी संख्या 15 हो गई है। इसके अलावा पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेशवासियों को दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें राज्य में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।

गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक परेशानी को बड़ी चुनौती बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पैसे की कमी किसी जरूरतमंद मरीज के उपचार में बाधा न बने। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपये तक की उपचार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में विभिन्न बीमारियों की पहचान के बाद उन्हें उपचार से जोड़ा गया है। सरकार का उद्देश्य स्क्रीनिंग के माध्यम से बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर मरीज को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

नवा रायपुर में विकसित की जा रही 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी को राज्य की स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही यह मेडिसिटी प्रदेश में आधुनिक, विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन सकती है। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। राज्य ने वर्ष 2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की प्रभावी भागीदारी के लिए प्रदेश के नागरिकों का स्वस्थ और सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने कैंसर के खिलाफ लड़ाई में चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इधर, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार कैंसर की समय पर पहचान के लिए स्क्रीनिंग का दायरा लगातार बढ़ा रही है। प्रदेश में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है। इससे कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर तरीके से संधारण किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बालको मेडिकल सेंटर और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रदेश में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया गया और समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।

कैंसर कॉन्क्लेव में स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा की जा रही है। विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, शुरुआती स्क्रीनिंग, आधुनिक उपचार पद्धतियों, अनुसंधान और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। कॉन्क्लेव में देश के 200 से अधिक विशेषज्ञों के साथ 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी शामिल हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कैंसर जागरूकता, प्रारंभिक पहचान, स्क्रीनिंग और जांच एवं उपचार की नवीन तकनीकों से संबंधित विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रतिनिधियों से आधुनिक तकनीकों की कार्यप्रणाली तथा कैंसर की समय रहते पहचान में उनकी उपयोगिता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों से यह भी जानकारी ली कि आधुनिक तकनीक और नए शोध के जरिए कैंसर की शुरुआती पहचान को किस तरह अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है और इन सुविधाओं को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी, ई-कैंसर की प्रतिनिधि डॉ. सुज़ाना स्टेनवे, वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित देश-विदेश से आए चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *