नई दिल्ली,15 सितंबर : जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे की सीरीज शुरू होने जा रही है. ये सीरीज अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की नजर से दोनों टीमों के लिए अहम है. इस सीरीज और इसके पहले मुकाबले की अहमियत उस खिलाड़ी के लिए भी ज्यादा है, जिसने अपने जीवन के 3 साल जिम्बाब्वे में बिताए हैं. जिसने जिम्बाब्वे से क्रिकेट खेलने का सोचा था. लेकिन, अब वो 15 सितंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज में के पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम से खेलते हुए बड़ी उपलब्धि नाम करता दिखेगा. हम बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिचेल मार्श की.
जिम्बाब्वे में मिचेल मार्श ने बिताए 3 साल
मिचेल मार्श भले ही आज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का जाना माना चेहरा बन चुके हों. लेकिन, एक वक्त उन्होंने जिम्बाब्वे से क्रिकेट खेलने के बारे में सोचा था. इस बात का जिक्र उन्होंने खुद ही किया है. अब सवाल है कि जिम्बाब्वे से खेलने का ख्याल उन्हें आया क्यों था? इसके पीछे की वजह है मिचेल मार्श का जिम्बाब्वे कनेक्शन. ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने अपने जीवन के 3 साल जिम्बाब्वे में बिताए थे. ऐसा तब हुआ था जब उनके पिता ज्यॉफ मार्श, जिम्बाब्वे के कोच हुआ करते थे.
ऑस्ट्रेलिया के 33वें खिलाड़ी होंगे मार्श
मिचेल मार्श तब छोटे ही थे. उन्हें अपने पिता के साथ हरारे स्पोर्ट्स क्लब पर जाने का मौका मिलता था, जहां वो घंटों क्रिकेट खेलते हुए बिताया करते थे. अब उसी ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलियाई जर्सी में मिचेल मार्श एक बड़ी उपलब्धि की स्क्रिप्ट लिखने को तैयार हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला वनडे मिचेल मार्श के करियर का 100वां वनडे होगा. ऑस्ट्रेलिया के लिए 100 वनडे खेलने वाले मिचेल मार्श 33वें खिलाड़ी होंगे.
99 वनडे में प्रदर्शन, जिम्बाब्वे के खिलाफ कैसा प्रदर्शन?
ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक खेले 99 वनडे में मिचेल मार्श ने 37.32 की औसत से 3098 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 4 शतक लगाए हैं. वहीं गेंदबाजी में मार्श ने 57 विकेट अपने नाम किए हैं. अब सवाल है कि इन 99 वनडे में से कितने अब तक जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने खेले हैं? मिचेल मार्श ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अब तक 5 वनडे खेले हैं, जिसमें उनकी बल्लेबाजी का औसत 55.50 का रहा है.
जिम्बाब्वे के खिलाफ बल्लेबाजी औसत देखकर साफ हो जाता है कि 100वें वनडे में मिचेल मार्श के बल्ले से धमाका होता है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए.







