Home / Chhattisgarh / गणेश उत्सव में लिटिल मंचकिन स्कूल के बच्चों ने किए गणपति के दर्शन, जानी विद्यार्थी जीवन में भगवान गणेश की महत्ता

गणेश उत्सव में लिटिल मंचकिन स्कूल के बच्चों ने किए गणपति के दर्शन, जानी विद्यार्थी जीवन में भगवान गणेश की महत्ता

कोरबा, 18 सितंबर। महानदी कॉम्प्लेक्स व्यावसायिक परिसर निहारिका में गणेश उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गणेश उत्सव पंडाल में भगवान श्री गणेश की कमल पुष्प पर विराजित आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन और पूजन-अर्चन कर रहे हैं।

इसी क्रम में लिटिल मंचकिन किंडरगार्टन स्कूल के विद्यार्थियों ने स्कूल की डायरेक्टर डॉ. कविता तिवारी के निर्देशन तथा प्रिंसिपल पूजा लांबा के नेतृत्व में शिक्षिकाओं के साथ गणेश उत्सव पंडाल का भ्रमण किया। बच्चों ने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना और आरती में सहभागिता निभाई। इस दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ और भगवान गणेश के जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

गणेश उत्सव स्थल पर सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति कोरबा के जिला प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने विद्यार्थियों को भगवान गणेश की महिमा, उनके आदर्शों और विद्यार्थी जीवन में उनके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक और ज्ञान के अधिष्ठाता देव माने जाते हैं। अपनी बुद्धि और विवेक के कारण ही वे प्रथम पूजनीय कहलाए और किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत में सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा की जाती है।

बच्चों को गणेश जी से जुड़े आदर्शों और उनके जीवन से मिलने वाली सीख के बारे में भी बताया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक जानकारी प्राप्त की और गणेश उत्सव के धार्मिक महत्व को समझा।

स्कूल की प्रिंसिपल पूजा लांबा ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए व्यवहारिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विभिन्न त्योहारों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। बाल्यकाल से ही बच्चों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी देने से उनमें संस्कार और सामाजिक समझ विकसित होती है।

महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर गणेश उत्सव समिति की ओर से गणेश चतुर्थी से भगवान गणेश की कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक एवं भागवत-मानस मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक भगवान श्री गणेश की महिमा का वर्णन किया जा रहा है। कथा का समापन 23 सितंबर 2026, बुधवार को हवन-पूजन और भंडारे के साथ किया जाएगा।

गणेश उत्सव के दौरान भगवान श्री गणेश का विधि-विधान से पूजन एवं आरती पंडित मुकेश पांडे, पंडित संतोष शुक्ला और पंडित अभय दुबे द्वारा कराया गया। कार्यक्रम में लिटिल मंचकिन किंडरगार्टन स्कूल की डायरेक्टर डॉ. कविता तिवारी, प्रिंसिपल पूजा लांबा, शिक्षिकाएं अराधना यादव, तोष्मा उपाध्याय, रंजीता चौधरी, नीतू और सलोनी सहित सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के जिला प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं निहारिका गणेशोत्सव समिति के प्रभारी संजय अग्रवाल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *