कोरबा, 03 नवंबर। जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में उरगा पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 3 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी निवासी जीवन उरांव अपने घर और बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना पर आबकारी विभाग की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान जीवन उरांव के कब्जे से 13 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित अवैध महुआ शराब बरामद की।
आबकारी विभाग की टीम शराब जब्त कर जीवन उरांव को अपने साथ ले जाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पत्नी सरस्वती उरांव और रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों महिलाओं ने जान से मारने की धमकी देते हुए प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी और आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही ग्रामीणों को एकत्रित कर आबकारी टीम को घेरने का प्रयास भी किया।
घटना के बाद आबकारी विभाग की लिखित शिकायत पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 608/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 132, 121, 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बुन्दकुंवर उरांव (45 वर्ष), पति राजाराम उरांव, निवासी दशरथभाठा, पताढी और सरस्वती उरांव (25 वर्ष), पति जीवन उरांव, निवासी दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी शामिल हैं।







