Home / Chhattisgarh / छठठी कार्यक्रम में युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर युवक पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

छठठी कार्यक्रम में युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर युवक पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में छठठी कार्यक्रम के दौरान युवती पर कथित अश्लील टिप्पणी करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सर्जिकल ब्लेड से युवक की पीठ पर वार कर उसे घायल कर दिया। मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार सर्जिकल ब्लेड भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 सितंबर 2026 की है। रायपुर के खमतराई निवासी पप्पू साहू अपने परिवार के साथ ग्राम चन्द्रसुर में अपने भांजा-दामाद मुरली साहू के घर आयोजित छठठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। शाम करीब 7:30 बजे घर के पास गली में आरोपी डोमेश्वर साहू, पिता गोवर्धन साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी परसदा (भाठापारा, वार्ड नंबर 11), थाना राजिम, जिला गरियाबंद ने प्रार्थी की भांजी पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणी की। पप्पू साहू ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया। इसी बात को लेकर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी जेब से सर्जिकल ब्लेड निकाला और पप्पू साहू की पीठ पर बाएं कंधे के नीचे वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गया।

घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 165/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी डोमेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में इस्तेमाल किए गए सर्जिकल ब्लेड को ग्राम चन्द्रसुर में स्वागत गेट के पास छिपाकर रखना बताया।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में उसकी निशानदेही पर एक धारदार सर्जिकल ऑपरेशन ब्लेड और उसका प्लास्टिक कवर बरामद कर विधिवत जब्त किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज अपराध में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डोमेश्वर साहू, पिता गोवर्धन साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी परसदा (भाठापारा, वार्ड नंबर 11), थाना राजिम, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार सर्जिकल ब्लेड मय प्लास्टिक कवर जब्त किया है।

धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुंडा-बदमाशों तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। महिलाओं और आम नागरिकों के साथ अश्लीलता, गाली-गलौज, मारपीट अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *