भिलाई की सविता धपवाल ने एवरेस्‍ट में तिरंगा फहराया

दुर्ग, 21 अगस्त। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की तालपुरी भिलाई निवासी पर्वतारोही सविता धपवाल ने हिमालय की दुर्गम चोटियां फतह करके एक नया कीर्तिमान रच दिया है। देश क 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। पद्मभूषण बछेंद्री पाल के नेतृत्व में 50 वर्ष से अधिक उम्र की देश भर की 11 महिलाओं का समूह हिमालय की विभिन्न चोटियों पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर लौटा है।

140 दिनो के सफर में खतरनाक 35 दर्रों को पार करते हुए, 4977 K.M. का लम्‍बा सफर तय किया। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं के समूह द्वारा बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सेहतमंद भारत (FIT INDIA) का संदेश फैलाने में अपना योगदान दिया।

अभियान के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत महिलाओं के इस समूह ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित विभिन्न मंत्रियों व प्रमुख व्‍यक्तियों से मुलाकात की।