कोरबा मेडिकल कॉलेज में बाइक चोरी के आरोपी की खंभे से बांधकर पिटाई, वीडियो वायरल

कोरबा। कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बाइक चोरी के एक आरोपी युवक के साथ सुरक्षाकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था निजी सुरक्षा एजेंसी कामथेन कंपनी के जिम्मे है। शुक्रवार देर रात ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल की बाइक अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। रात करीब 11:45 बजे वाहन चालक उत्तम ने दो युवकों को बाइक धक्का देकर ले जाते हुए देखा और इसकी सूचना सुरक्षाकर्मियों को दी।

सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों का पीछा किया। इस दौरान कोसाबाड़ी चौक के पास पंप हाउस निवासी विशाल सागर नामक युवक को पकड़ लिया गया। आरोप है कि आरोपी को नजदीकी सिविल लाइन थाने ले जाने के बजाय सुरक्षाकर्मी उसे वापस मेडिकल कॉलेज परिसर ले आए।

बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में युवक को उसकी शर्ट से बिजली के खंभे से बांध दिया गया और उसकी जमकर पिटाई की गई। इस दौरान आरोपी लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खंभे से बंधा नजर आ रहा है।

कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। अगले दिन बाइक मालिक राजेंद्र पटेल ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल सागर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. के.के. सहारे ने कहा कि सुरक्षा एजेंसी को नियमानुसार कार्य करना चाहिए। यदि सुरक्षाकर्मियों द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है तो एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि आरोपी के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत की जांच की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल सागर ने चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।