कोरबा, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर एनटीपीसी कोरबा ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सप्ताहभर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। 28 मई से 5 जून तक आयोजित इस विशेष अभियान में कर्मचारियों, उनके परिवारों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्विज, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में सभी आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को एनटीपीसी टाउनशिप परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यह अभियान पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत संचालित किया गया। कार्यक्रम में एनटीपीसी की गर्ल एम्पावरमेंट मिशन (जीईएम) के अंतर्गत परियोजना प्रभावित क्षेत्रों की बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने और सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख (एचओपी) किशोर चंद्र पात्रा ने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी कोरबा द्वारा अब तक 30 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पर्यावरण विभाग के उपमहाप्रबंधक मुनेश कुमार विश्वकर्मा ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान की सराहना की।

