बिलासपुर, 16 सितंबर 2026। भुवनेश्वर और उत्तराखंड से आए पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के दल ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का दौरा कर कंपनी के खनन कार्यों, देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान और सतत एवं जिम्मेदार खनन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रत्यक्ष जानकारी ली। यह मीडिया दौरा भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर, भुवनेश्वर एवं उत्तराखंड के सहयोग से आयोजित किया गया।
मीडिया प्रतिनिधियों ने एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कंपनी के परिचालन और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, खान सुरक्षा, तकनीकी नवाचार, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर), समुदाय एवं कर्मचारी कल्याण, विविधीकरण और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

संवाद कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) अति. प्र. नृपेंद्र नाथ सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों को सुरक्षित, तकनीक-सक्षम और सतत खनन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मीडिया दल ने इससे पहले गेवरा क्षेत्र का मैदानी दौरा किया। एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान के रूप में गेवरा में प्रतिनिधियों ने खनन गतिविधियों को प्रत्यक्ष देखा और कोयला उत्खनन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी ली। दल ने खनन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान मियावाकी पौधरोपण पहल को भी देखा गया।
एसईसीएल प्रबंधन ने कहा कि कंपनी देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित खनन और खनन प्रभावित क्षेत्रों के समुदायों के कल्याण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
दौरे के समापन पर प्रश्नोत्तर एवं अनुभव साझा करने का सत्र आयोजित किया गया। इसमें मीडिया प्रतिनिधियों ने एसईसीएल अधिकारियों से खनन, ऊर्जा सुरक्षा, खान सुरक्षा, तकनीकी नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया।







