जांजगीर-चांपा, 16 नवंबर 2026। जांजगीर-चांपा जिले में शराब के आरोपियों को कथित तौर पर 1.5 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में SP विजय पांडेय ने सख्त कार्रवाई की है। मामले की जांच में लेन-देन की पुष्टि होने के बाद एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती थाना सारागांव में की गई है।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ‘1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा’ के संबंध में नगर SP जांजगीर से जांच कराई गई थी। जांच में 4 नवंबर 2026 को आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के आरोपी गोपाल गोंड से प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े (क्रमांक 361), आरक्षक दीपक सिंह (क्रमांक 22), शंकर जयकिशन (क्रमांक 05), सुनील रमन (क्रमांक 495) और गोवर्धन टाइगर (क्रमांक 11) द्वारा रकम का लेन-देन किया जाना प्रमाणित पाया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर निर्धारित किया गया है। निलंबित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
इधर, एक अन्य आदेश जारी कर रक्षित केंद्र जांजगीर में पदस्थ पांच पुलिसकर्मियों रमेश कुमार त्रिपाठी, पदुम कुमार कश्यप, राजेंद्र कुमार साहू, धर्मेंद्र बंजारे और राजेंद्र कुमार राठौर को प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से थाना सारागांव में पदस्थ किया गया है।
दोनों आदेश 16 नवंबर को SP विजय पांडेय द्वारा जारी किए गए हैं।







