- उत्पादन, कोयला प्रेषण, गुणवत्ता एवं खदान सुरक्षा सहित विभिन्न परिचालन गतिविधियों की हुई समीक्षा
बिलासपुर, 18 नवंबर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को महाप्रबंधक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कंपनी के कोयला उत्पादन, प्रेषण (डिस्पैच), कोयले की गुणवत्ता, खदान सुरक्षा, उत्पादकता, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न परिचालन गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, परिचालन दक्षता में वृद्धि एवं कार्य निष्पादन को और अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने की। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी) संचालन श्री रमेश चंद्र महापात्र एवं निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना श्री नृपेंद्र नाथ उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं मुख्यालय के विभागाध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री हरीश दुहन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्पादन एवं कोयला प्रेषण में निरंतरता बनाए रखने, कोयले की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा परिचालन दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी क्षेत्रों एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन के माध्यम से कंपनी के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति, उपलब्धियों एवं परिचालन चुनौतियों की जानकारी साझा की। साथ ही उत्पादन एवं प्रेषण में वृद्धि, गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षा मानकों के सुदृढ़ीकरण तथा समग्र कार्य निष्पादन में सुधार हेतु विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।







