लोरमी, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में आयोजित आंगन मिलन उत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बच्चों के प्रति आत्मीय और सहज अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान वे नन्हें बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर उनके साथ खेले और बातचीत की। बच्चों के साथ बिताए इन पलों में उनका अपनापन साफ नजर आया। उन्होंने बच्चों को मिठाई और खिलौने भी बांटे, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
आंगन मिलन उत्सव में अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्म भी पूरी कराई गई। इस अवसर पर आंगनबाड़ी परियोजना अधिकारियों, सुपरवाइजर्स और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने ‘लाल टमाटर बड़े मजेदार’, ‘आंगनबाड़ी जाएंगे’ और ‘आलू कचालू बेटे कहां गए थे’ जैसे बाल गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों और खिलखिलाहट से आंगनबाड़ी परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सुपोषण चौपाल में बच्चों और माताओं के पोषण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है। बच्चों के समुचित विकास के लिए पोषण आहार, परिवार की देखभाल और समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के जरिए पोषण को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। मुनगा को पोषण के महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में बढ़ावा देने के साथ लोगों को इसके उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस पहल की प्रशंसा की है।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सरकार की योजनाओं और अभियानों का उद्देश्य बच्चों और माताओं के पोषण स्तर में सुधार लाना है, लेकिन इसके लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। परिवार और समाज को भी बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल के प्रति जिम्मेदारी निभानी होगी। आंगन मिलन उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों और परिवारों से जोड़ने तथा पोषण एवं बाल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।







