Home / Chhattisgarh / नायब तहसीलदार का बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन : कार की डिक्की में सजा केक, फिल्मी गाने पर बनी रील, केस दर्ज

नायब तहसीलदार का बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन : कार की डिक्की में सजा केक, फिल्मी गाने पर बनी रील, केस दर्ज

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 26 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ में एक नायब तहसीलदार के जन्मदिन के जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। वीडियो में सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाते और फिल्मी गाने पर रील बनाते कुछ लोग नजर आ रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित वाहन के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल के जन्मदिन से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआत में सोशल मीडिया पर इसे रायपुर की घटना बताकर प्रसारित किया गया, लेकिन पुलिस की पड़ताल में लोकेशन बिलासपुर का रिवर व्यू रोड सामने आई।

सड़क पर कार, डिक्की में केक और फिल्मी गाने पर रील

वायरल वीडियो में एक कार सड़क पर खड़ी नजर आ रही है। उसकी डिक्की खुली हुई है, जहां केक और जन्मदिन की सजावट दिखाई देती है। आसपास मौजूद लोग बर्थडे सेलिब्रेट करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई जाती दिखाई दे रही है। वीडियो में एक युवक सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी करता भी नजर आ रहा है। हालांकि, मौके पर वास्तव में आतिशबाजी की गई या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

आधी रात के बाद सड़क पर चल रहा था जश्न

पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, मामला 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात का है। सरजू बगीचा निवासी 35 वर्षीय अमित साहू रात करीब एक बजे रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर खड़ी कार और उसके आसपास जन्मदिन मना रहे लोगों पर पड़ी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सड़क पर वाहन खड़ा किए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। साथ ही इस तरह बीच सड़क पर कार्यक्रम करने से दुर्घटना होने की आशंका भी बनी हुई थी।

चार दिन बाद थाने पहुंची शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के बाद अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संबंधित वाहन के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जिस कार का जिक्र सामने आया है, उसका पंजीयन नंबर CG-04-NY-1910 बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और सड़क पर उसे किसने खड़ा किया था।

वीडियो में नजर आ रहे लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी तथ्यों की जांच की जा सकती है। वहीं, नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पदस्थापना रायपुर जिले में होने के कारण शुरुआती तौर पर वीडियो को रायपुर का समझा गया था। बाद में जांच में कार्यक्रम बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर आयोजित होने की जानकारी सामने आई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *