Home / Chhattisgarh / रायपुर में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार; 7 बुलेट समेत 16 वाहन जब्त

रायपुर में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार; 7 बुलेट समेत 16 वाहन जब्त

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 18 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 4 आरोपियों और विधि से संघर्षरत 3 बालकों सहित कुल 7 लोगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से चोरी की 7 बुलेट सहित कुल 13 दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल किए गए 3 अन्य वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के जरिए भी संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को एक बुलेट सवार युवक दिखाई दिया। उसकी बाइक में पीछे की नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन रोककर दस्तावेज मांगे, लेकिन युवक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दीप छाबड़िया निवासी कोटा, रायपुर के रूप में बताई और बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार की।

पूछताछ में उसने अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों और तीन अपचारी बालकों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में गिरोह ने रायपुर के डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

लॉक तोड़कर करते थे चोरी, पहचान छिपाने निकाल देते थे नंबर प्लेट

पुलिस जांच में गिरोह के चोरी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी संगठित रूप से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर खासतौर पर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य वाहनों का लॉक तोड़कर चोरी करते थे। एक सदस्य चोरी के वाहन को चलाता था, जबकि अन्य सदस्य अपने दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए उसे ले जाते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इसके अलावा पहचान संबंधी निशान मिटाने और वाहन के पार्ट्स बदलने का भी प्रयास करते थे।

18.50 लाख रुपये के वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 7 बुलेट सहित चोरी के कुल 13 दोपहिया वाहन, जिनकी कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये है, जब्त किए हैं। इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए एथर, आई-क्यूब और बर्गमैन स्कूटर भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है। इस तरह कुल 16 दोपहिया वाहनों की कीमत लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

सभी 13 चोरी के वाहनों के संबंध में डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में धारा 303(2) और 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज हैं। गिरोह बनाकर संगठित रूप से वारदातों को अंजाम देने के मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 112 और 3(5) भी जोड़ी गई है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में दीप छाबड़िया (21), रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18), शुभम पटले (22) और कृष्ण कुमार सिंह (21) शामिल हैं। इनके साथ विधि से संघर्षरत तीन बालकों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस द्वारा आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य संभावित सदस्यों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *