0 सोशल मीडिया पर स्नैपचैट के जरिए युवक से की दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाकर चाकू की नोक पर लूटे 60 हजार रुपये और सोने की अंगूठी
जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को हनी ट्रैप में फंसाने और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को मिलने के बहाने चांपा बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करते हुए 60 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी लूट ली थी।
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के रहने वाले मनीष वर्मा की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के दौरान युवती लगातार उसे मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और उससे मिलने आगे चला गया।
इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से जमकर मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उसके पास रखे 60 हजार रुपये नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। जांच में युवती की भी इस वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।
पुलिस ने युवती समेत छह आरोपियों को किया गिरफ्तार
पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली जांजगीर पुलिस ने अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त SP डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर (21 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12 जांजगीर, रवि झलरिया (24 वर्ष), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी जांजगीर, किशन कर्ष (21 वर्ष), निवासी ग्राम महुदा थाना चांपा, कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी जांजगीर, मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर और रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है।
30 हजार रुपये नकद, मोबाइल और दो बाइक जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मामले में आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्क रहें। बिना पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं और सुनसान स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।







