Home / Chhattisgarh / रायपुर पुलिस का होटल-लॉज और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों की गतिविधियों पर रखी नजर

रायपुर पुलिस का होटल-लॉज और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों की गतिविधियों पर रखी नजर

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 21 नवंबर 2026। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने उत्तर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने होटल, लॉज और ढाबों में पहुंचकर सघन जांच की। अभियान के दौरान वहां ठहरे लोगों की पहचान और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आदित्य पाण्डेय के निर्देशन एवं नेतृत्व में 20 नवंबर 2026 की रात यह अभियान चलाया गया। इसके तहत थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह क्षेत्रों में स्थित विभिन्न होटल, लॉज एवं ढाबों की जांच की गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने होटल और लॉज में ठहरे व्यक्तियों की जानकारी जुटाई तथा उनके पहचान पत्र सहित जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही होटल, लॉज और ढाबा संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र और पूरा विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करें।

पुलिस ने संचालकों को यह भी समझाइश दी कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *