कोरबा, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अनजान लोगों से दोस्ती का एक मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र से लापता हुई 24 वर्षीय युवती को पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। युवती की ऑनलाइन लूडो खेलते समय अहमदाबाद निवासी एक युवक से पहचान हुई थी। आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
जानकारी के अनुसार, युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेलती थी। इसी दौरान उसकी बातचीत अहमदाबाद निवासी युवक से होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। बताया जा रहा है कि युवक अहमदाबाद से कोरबा पहुंचा और युवती को अपने साथ लेकर चला गया। परिजनों के मुताबिक, युवती की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। आरोप है कि युवक ने उसकी स्थिति का फायदा उठाकर उसे अपने झांसे में लिया।
युवती अपने पास मोबाइल भी नहीं रखती थी। ऐसे में जब वह काफी समय तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब चार दिनों तक खोजबीन करने के बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और साइबर सेल की मदद से युवती की लोकेशन ट्रेस की।
साइबर सेल की मदद से जयपुर में मिली युवती
पुलिस की जांच में पता चला कि युवती ऑनलाइन लूडो गेम के माध्यम से अहमदाबाद निवासी युवक के संपर्क में आई थी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने जयपुर में उसकी लोकेशन का पता लगाया और घटना के चार दिन बाद उसे सकुशल बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि युवक युवती को अपने साथ ले जाने के बाद ठीक से खाना-पीना भी नहीं दे रहा था। इतना ही नहीं, उसके पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी थी।
कोतवाली पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
कोतवाली TI प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से बरामद कर कोरबा लाया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने ऑनलाइन गेमिंग के दौरान अनजान लोगों से होने वाली दोस्ती और उसके संभावित खतरों को एक बार फिर उजागर किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।







