सूरजपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर शहर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रिंग रोड पर स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने छठ घाट के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। सुबह राहगीरों ने शव देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान सतपाल सिंह चावला उर्फ राजू, पिता किशन सिंह चावला के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चिरमिरी का निवासी था और वर्तमान में सूरजपुर के अग्रसेन वार्ड (भट्ठापारा) में रह रहा था। बताया गया है कि वह बाइक बनाने का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तीन दिनों से कहां था।







