रायगढ़, 17 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने ग्राम लाखा में कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 9 लीटर अवैध महुआ शराब और शराब बिक्री से प्राप्त 100 रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त महुआ शराब की कीमत करीब 900 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लाखा में सड़क किनारे जंगल के पास एक महिला अवैध महुआ शराब लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद महिला को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम कमला सिदार पति कार्तिक राम कंवर, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम लाखा, सरपंच के घर के पास, थाना कोतवाली रायगढ़ बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में रखे प्लास्टिक जरिकेन की तलाशी ली। जांच के दौरान जरिकेन में 9 लीटर महुआ शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 900 रुपये बताई गई। इसके अलावा शराब की बिक्री से प्राप्त 100 रुपये नगद भी पुलिस ने बरामद कर जब्त किए।
पुलिस ने बरामद शराब और नगद रकम को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया। इसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में आबकारी एक्ट की धारा सदर के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक राजश्री वैष्णव, आरक्षक जितेन्द्र दुबे, गणेश पैकरा, मनोज पटनायक और रोशन एक्का की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







