बलौदाबाजार-भाटापारा। सिमगा थाना क्षेत्र में सोलर पावर प्लांटों से केबल वायर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में तीन आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले तिल्दा के कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 1 लाख 32 हजार 700 रुपये कीमत का जला हुआ तांबा व केबल वायर, मोबाइल, चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और औजार बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सिमगा क्षेत्र के हरे कृष्णा पावर प्लांट, चौरेंगा और सूर्योदय वायर सोलर पावर प्लांट, ग्राम चंदेरी में केबल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना सिमगा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
हरे कृष्णा पावर प्लांट के इंचार्ज लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला की शिकायत पर अपराध क्रमांक 355/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक चोरों ने प्लांट की बाउंड्री वॉल का फेंसिंग तार काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 1500 मीटर इन्वर्टर केबल वायर चोरी कर लिया था।
इसी तरह सूर्योदय वायर सोलर पावर प्लांट, ग्राम चंदेरी के मैनेजर दुर्गेश कुमार की शिकायत पर अपराध क्रमांक 381/2026 दर्ज किया गया। इस मामले में आरोपियों ने फेंसिंग तार काटकर प्लांट के अंदर प्रवेश किया और करीब 5000 मीटर डीसी केबल वायर चोरी कर लिया था।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के रास्तों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। साथ ही क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 की रात मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम चौरेंगा की ओर मोटरसाइकिल से संदिग्ध हालत में घूम रहे तीन व्यक्तियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। उनके पास बैग और विभिन्न औजार मिले। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौरेंगा और चंदेरी स्थित दोनों सोलर पावर प्लांटों में चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की गई केबल को आरोपियों ने जलाकर उसमें से तांबा अलग किया था। इसके बाद निकाले गए तांबे और केबल को तिल्दा स्थित एक कबाड़ी के पास बेचने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तिल्दा में दबिश देकर चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी हीरानंद आहूजा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जला हुआ तांबा और केबल वायर, घटना में इस्तेमाल HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 QY 9409, टॉर्च, प्लास, पेचकस, हथौड़ी सहित अन्य औजार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1,32,700 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में रामचंद देवांगन (37), निवासी तिल्दा, डहरीलाल टंडन (42), निवासी खमतराई रायपुर, रामप्रसाद मरावी (35), हाल निवासी बीरगांव रायपुर और चोरी का माल खरीदने वाला हीरानंद आहूजा (31), निवासी भैरवगढ़ तिल्दा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(A), 317(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।







