महासमुंद, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रायपुर रोड स्थित त्रिमूर्ति कॉलोनी के सामने बीती रात एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो क्रमांक CG 06 HB 8783 में पांच युवक सवार थे। हादसे में यथार्थ दुबे और शिवा ठाकुर की जान चली गई। यथार्थ दुबे महासमुंद की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी थे, जबकि शिवा ठाकुर शेरगांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
दुर्घटना में घायल अर्जित शर्मा, आयुष और ऋषि परमार को पहले महासमुंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का रायपुर के अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, दोनों मृतकों के शव जिला अस्पताल महासमुंद में पोस्टमार्टम के लिए रखे गए हैं। पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बोलेरो और ट्रक की स्थिति, सीसीटीवी फुटेज, वाहन की गति, चालक की पहचान और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।







