रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की पात्र महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से किस्त की राशि अंतरित करेंगे।
अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के तहत 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये का भुगतान किया जाएगा। विभाग के अनुसार, इस किस्त के लिए ई-केवायसी पूरा कर चुके पात्र हितग्राहियों को राशि का अंतरण किया जाएगा।
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू है। योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के साथ कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम में सहायता देने के उद्देश्य से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए पहुंचाई जाती है।
योजना शुरू होने के बाद अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक वितरित राशि बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी।
विभाग के मुताबिक अक्टूबर की किस्त के लिए अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 पात्र हितग्राही हैं। इनमें अनुमोदन के लिए 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही तथा नियद नेल्लानार क्षेत्र के 6,903 हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान का अनुमोदन शामिल है। इस तरह कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को 32वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।







