मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने फर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ED) अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फरह कस्बे के निवासी सचिन शर्मा के रूप में हुई है। वह खुद को ईडी का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर लोगों पर रौब जमाता था और अपनी फर्जी पहचान के जरिए ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सचिन शर्मा पिछले काफी समय से मथुरा में फर्जी ईडी अधिकारी बनकर घूम रहा था। लोगों को प्रभावित करने के लिए वह नीली बत्ती लगी फॉर्च्यूनर गाड़ी का इस्तेमाल करता था। इतना ही नहीं, उसने फेसबुक पर भी खुद को ईडी का बड़ा अधिकारी बताकर अपनी फर्जी पहचान का प्रचार कर रखा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद थाना रिफाइनरी पुलिस ने जांच शुरू की और छानबीन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक फर्जी ईडी आईडी कार्ड, एक फॉर्च्यूनर गाड़ी, दो आधार कार्ड और कई एटीएम व क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना रिफाइनरी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी ईडी अधिकारी बनकर अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे कितनी रकम की ठगी की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। इसके लिए आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जाएंगे।







