कोरबा, 24 सितंबर 2026। खेती-किसानी में मेहनत के साथ समय पर पूंजी की जरूरत भी होती है। कोरबा विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी राम सिंह कंवर करीब 7 एकड़ कृषि भूमि पर खेती करते हैं। पत्नी और चार बच्चों की जिम्मेदारी के बीच खेती ही उनके परिवार की आय का प्रमुख साधन है। ऐसे में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए खेती के जरूरी कामों में सहारा बन रही है।
योजना से जुड़ने से पहले राम सिंह कंवर को जुताई, खाद-बीज की खरीदी, निंदाई, कीटनाशक छिड़काव और फसल कटाई जैसे कृषि कार्यों के लिए एक साथ पैसे जुटाने पड़ते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई बार उन्हें कृषि कार्य आगे बढ़ाने के लिए दूसरों से उधार लेना पड़ता था।
राम सिंह कंवर ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली सालाना 6 हजार रुपये की सहायता से आर्थिक दबाव कम हुआ है। वे इस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों के साथ खेती-किसानी में भी करते हैं। जुताई से लेकर खाद, बीज और कीटनाशक की व्यवस्था तथा फसल कटाई तक जरूरी समय पर यह राशि उपयोगी साबित होती है।
उन्होंने बताया कि अब छोटी-छोटी कृषि जरूरतों के लिए दूसरों से उधार लेने की नौबत कम हुई है। समय पर खाद-बीज खरीदने और खेती की तैयारी करने में सुविधा मिलती है। राम सिंह कंवर ने कहा कि पहले खेती के मौसम में पैसों की व्यवस्था बड़ी चिंता होती थी, लेकिन अब सम्मान निधि की राशि से जरूरी कृषि कार्य समय पर किए जा रहे हैं।
उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को मिलने वाली यह आर्थिक सहायता खेती को निरंतर आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित हो रही है।







