Home / Chhattisgarh / ट्रक की टंकी से 130 लीटर डीजल चोरी, चालक और चोरी का डीजल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

ट्रक की टंकी से 130 लीटर डीजल चोरी, चालक और चोरी का डीजल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:
  • कुरूद पुलिस ने 100 लीटर चोरी का डीजल किया बरामद, 6,800 रुपये में बेचा था चोरी का ईंधन; दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

धमतरी, 13 नवंबर 2026। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में ट्रक की टंकी से डीजल चोरी करने और चोरी का डीजल खरीदने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 10 हजार 240 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के सड्डू निवासी राहुल कुमार यादव ने थाना कुरूद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता सुमित्रा देवी यादव के नाम पर पंजीकृत ट्रक क्रमांक CG 04 RA 1168 की देखरेख वे स्वयं करते हैं। 10 नवंबर 2026 को ट्रक चालक अजय ध्रुव को रायपुर से बचेली माल लेकर जाने के लिए रवाना किया गया था, लेकिन चालक बचेली जाने के बजाय ट्रक को कुरूद के पुरुषोत्तम पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया।

इसके बाद 11 नवंबर की रात करीब 1 बजे चालक ट्रक को ग्राम चरमुड़िया स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र के पास ले गया और टंकी में भरे डीजल में से करीब 130 लीटर ईंधन चोरी कर लिया। चोरी किए गए डीजल की कीमत लगभग 13 हजार 280 रुपये बताई गई है।

मामले की शिकायत पर कुरूद पुलिस ने अपराध क्रमांक 394/2026 के तहत धारा 316(4), 305(सी) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेही चालक अजय ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने ट्रक से करीब 100 लीटर डीजल तीन अलग-अलग जरकिन में निकालकर गांव के ही लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल को 6,800 रुपये में बेचना स्वीकार किया।

आरोपी चालक की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल के कब्जे से तीन जरकिन में रखा 100 लीटर चोरी का डीजल बरामद कर जब्त किया। चोरी की संपत्ति खरीदने का अपराध पाए जाने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने 13 नवंबर को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अजय ध्रुव उर्फ अज्जू (27 वर्ष) और लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल (29 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चरमुड़िया, थाना कुरूद, जिला धमतरी शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने वाहन मालिकों से अपने वाहनों और उनमें रखे ईंधन की नियमित निगरानी करने तथा चोरी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *