- मंदिर हसौद पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बचाया, पुलिस की सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की हो रही सराहना
रायपुर, 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में मंदिर हसौद पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति की जान बचा ली गई। व्यक्ति ने अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था और आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर रहा था। समय पर पुलिस के पहुंचने से एक अनमोल जीवन बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:46 बजे अनुज मिश्रा ने TI मंदिर हसौद राजेन्द्र सिंह कंवर को फोन पर सूचना दी कि वार्ड क्रमांक 10, नोनी नगर निवासी एक व्यक्ति अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है।
सूचना मिलते ही TI ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सहायक उप निरीक्षक विवेक कुमार बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। टीम में आरक्षक राजेश वर्मा, दया साहू और मंजीत भट्ट शामिल थे।
पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और सूझबूझ, साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए आवश्यक कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया।
SP रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन में हुई इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में मानसिक तनाव या आत्मघाती कदम उठाने के संकेत दिखाई दें, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।







