कोरबा, 24 सितम्बर 2026। थाना सिटी कोतवाली परिसर में नवीन थाना भवन का लोकार्पण और ई-मालखाना का उद्घाटन किया गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने वर्चुअल माध्यम से नवीन थाना भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सिटी कोतवाली का पुराना थाना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब 31 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद पुराने भवन की संरचना और वर्तमान समय में पुलिसिंग की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए नवीन थाना भवन का निर्माण कराया गया है। छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से तैयार किए गए इस भवन में आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ ही आम नागरिकों को भी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

लोकार्पण के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नए थाना भवन और ई-मालखाना की सुविधा से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। तकनीक आधारित व्यवस्थाओं के उपयोग से पुलिसिंग में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ेगी। आईजी बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने कहा कि आधुनिक पुलिस अधोसंरचना के साथ ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्था पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सिटी कोतवाली में ई-मालखाना को भी आधुनिक स्वरूप दिया गया है। थाना मालखाने में रखे विभिन्न प्रकरणों से संबंधित माल-मशरूका का कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटलीकरण किया गया है। साथ ही रिकॉर्ड को अपडेट कर जब्त सामान को व्यवस्थित तरीके से क्रमबद्ध किया गया है। प्रत्येक माल की आवश्यक मार्किंग और पहचान सुनिश्चित की गई है, जिससे पुराने प्रकरणों में लंबे समय बाद भी संबंधित सामान को आसानी से खोजा जा सकेगा।
ई-मालखाना व्यवस्था से जब्त माल-मशरूका के सुरक्षित संधारण के साथ रिकॉर्ड प्रबंधन में भी सुधार होगा। आवश्यकता पड़ने पर विवेचना और न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान संबंधित सामान को शीघ्र उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी। डिजिटल रिकॉर्ड के कारण मालखाने में रखी सामग्री की निगरानी और खोज प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सिटी कोतवाली का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से आधुनिक पुलिसिंग, बेहतर अधोसंरचना और तकनीक आधारित व्यवस्था की दिशा में कोरबा पुलिस की पहल को आगे बढ़ाया गया। सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।







