धमतरी, 1 अक्टूबर 2026। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने 30 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वेशभूषा, परेड, अभिलेखों, मालखाना, हवालात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने थाना पुलिस को अपराध नियंत्रण के साथ आम नागरिकों को बेहतर और संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाए रखने के लिए पौधरोपण करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा और परेड का भी निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट परेड एवं बेहतर वेशभूषा वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने कहा गया।
एसपी भावना पांडेय ने थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत से लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग और अन्य प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने रजिस्टर एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए सभी विवेचकों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समयावधि में पूरी करने और केस डायरी को नियमित रूप से अपडेट रखने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए थाना स्टाफ को लगातार सतर्क और मुस्तैद रहने कहा। महिला एवं बालक-बालिकाओं से जुड़े मामलों, हत्या तथा अन्य गंभीर अपराधों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, निरीक्षण पुस्तिका सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई। सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जब्त माल के रखरखाव की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
शासकीय हथियारों के निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को हथियारों को खोलने-जोड़ने और उनके संचालन का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक माह दो दिवस हथियार अभ्यास आयोजित करने को कहा, ताकि आवश्यकता के समय पुलिसकर्मी पूरी तरह दक्ष और तैयार रहें।
वार्षिक निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ की फॉलिंग कराई और अधिकारी-कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित थाना के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







