Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में सेवा संकल्प अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

जांजगीर-चांपा में सेवा संकल्प अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर परिसर में हुआ। कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

मनका दाई मंदिर परिसर और खोखरा बाजार क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारे और आसपास जमा कचरे को हटाया गया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका पुष्पेंद्र सिंह और राजकुमार साहू, जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता मनमोहन कश्यप, पुष्पेंद्र सिंह, हितेश यादव, खोखरा सरपंच दुर्गा अजय राठौर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, नवागढ़ जनपद पंचायत सीईओ बीआर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पंचगण, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली, मोहल्ले और गांव की नियमित साफ-सफाई में योगदान दे। उन्होंने ग्रामीणों से प्रतिदिन कुछ समय गांव की सफाई के लिए निकालने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्थायी रूप से स्वच्छ गांव और स्वच्छ शहर बनाए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाने में महिला समूहों एवं स्वच्छता कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। सभी ने घर, गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान किया गया। ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं और विद्यार्थियों ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों, तालाबों, पहुंच मार्गों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। अमृत सरोवरों के आसपास भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

स्वच्छता अभियान के साथ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण को भी बढ़ावा दिया गया। अमृत सरोवरों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास पौधे लगाए गए। स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित क्षेत्र के विकास को एक साथ जोड़कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने देव सेवा समिति निःशक्त एवं वृद्धाश्रम, खोखरा पहुंचकर वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताते हुए स्वास्थ्य, भोजन, आवास, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता गतिविधियों और वृद्धजनों से मुलाकात के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *