Home / Chhattisgarh / पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट, IIT-JEE और NEET की तैयारी होगी सस्ती

पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट, IIT-JEE और NEET की तैयारी होगी सस्ती

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पुलिस और जेल विभाग में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के बच्चों के लिए राहत भरी पहल की गई है। अब उन्हें आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी कोचिंग संस्थानों में फीस पर 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इस संबंध में प्रदेश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट और आकाश इंस्टीट्यूट ने सहमति दी है। इस निर्णय से पुलिस और जेल विभाग के कर्मचारियों के परिवारों पर बच्चों की महंगी कोचिंग का आर्थिक बोझ कम होगा।

इस संबंध में 19 नवंबर को प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं जेल विभाग में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की संतानों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष रियायत देने पर चर्चा हुई। इसके बाद दोनों संस्थानों ने फीस में छूट देने पर सहमति जताई।

बैठक में तय व्यवस्था के अनुसार रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में प्रवेश लेने वाले पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को संपूर्ण कोचिंग फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की रायपुर, भिलाई और बिलासपुर शाखाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कुल कोचिंग फीस में 30 प्रतिशत की रियायत मिलेगी।

यह सुविधा आईआईटी-जेईई, नीट तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। इससे इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

पुलिस और जेल विभाग के कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान कई बार लंबे समय तक परिवार से दूर रहते हैं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट के सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के देबाजीत चटर्जी और महेंद्र चंद्रा उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *