Home / Chhattisgarh / धमतरी राज्योत्सव में पुलिस का जागरूकता स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, ‘सेल्फी विथ मी’ जोन में उमड़ी भीड़

धमतरी राज्योत्सव में पुलिस का जागरूकता स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, ‘सेल्फी विथ मी’ जोन में उमड़ी भीड़

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में धमतरी पुलिस का जनजागरूकता स्टॉल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। पुलिस द्वारा लगाए गए ‘सेल्फी विथ मी’ और पुलिस कटआउट फोटो जोन में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ सेल्फी ली। इस पहल के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

2 नवंबर 2026 को आयोजित राज्योत्सव का शुभारंभ धमतरी पुलिस बैंड की देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। SP भावना पांडेय के निर्देशन में लगाए गए जागरूकता स्टॉल में नवीन आपराधिक कानूनों, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति और नक्सल विरोधी अभियानों से संबंधित जानकारियां प्रदर्शनी के माध्यम से दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक रंजना साहू और जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने पुलिस स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने अतिथियों को नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा और आधुनिक पुलिस हथियारों एवं उपकरणों की जानकारी दी। अतिथियों ने पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

प्रदर्शनी में यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर में सहायता पहुंचाने तथा हाईवे पेट्रोलिंग की भूमिका के बारे में बताया गया। वहीं ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड से बचने के तरीके भी समझाए गए। इसके अलावा नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व पर जागरूक किया गया।

पुलिस ने पोस्टर, बैनर, मॉडल और डेमो के माध्यम से लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पाम्पलेट भी वितरित किए। इस अभियान में आर्मोरर टीम, यातायात शाखा, साइबर सेल और थाना स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की। पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *