Home / National / SBI Service Alert: 6 नवंबर को 75 मिनट तक बंद रहेंगी UPI और इंटरनेट बैंकिंग समेत कई सेवाएं, ग्राहकों के लिए अलर्ट जारी

SBI Service Alert: 6 नवंबर को 75 मिनट तक बंद रहेंगी UPI और इंटरनेट बैंकिंग समेत कई सेवाएं, ग्राहकों के लिए अलर्ट जारी

ख़बर शेयर करें:

नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के करोड़ों ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। बैंक ने 6 नवंबर 2026 को अपनी कई डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखने का ऐलान किया है। निर्धारित शेड्यूल मेंटेनेंस के चलते ग्राहक रात 1:45 बजे से 3 बजे तक UPI, इंटरनेट बैंकिंग और YONO ऐप समेत कई सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। यह मेंटेनेंस कुल 75 मिनट तक चलेगा।

बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इसकी जानकारी साझा की है। SBI के मुताबिक, इस दौरान डिजिटल बैंकिंग सिस्टम को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए तकनीकी रखरखाव का काम किया जाएगा। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन निर्धारित समय से पहले ही पूरे कर लें।

इन सेवाओं पर पड़ेगा असर

SBI के शेड्यूल मेंटेनेंस के दौरान UPI, IMPS, YONO, इंटरनेट बैंकिंग, NEFT और RTGS सेवाएं अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेंगी। यानी इस अवधि में ग्राहक ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान करने और इन सेवाओं से जुड़े अन्य बैंकिंग कार्य नहीं कर पाएंगे।

मेंटेनेंस के दौरान भी मिलेंगी ये सुविधाएं

बैंक ने ग्राहकों को राहत देते हुए बताया है कि मेंटेनेंस के दौरान UPI Lite और ATM सेवाएं चालू रहेंगी। ग्राहक UPI Lite के माध्यम से छोटे डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। वहीं, नकदी की जरूरत पड़ने पर ATM से पैसे निकालने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

पहले भी हो चुका है सर्विस मेंटेनेंस

SBI समय-समय पर अपनी डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए तकनीकी मेंटेनेंस करता है। इससे पहले 6 अक्टूबर 2026 को भी बैंक ने 45 मिनट के लिए सेवाओं का मेंटेनेंस किया था। वहीं, 4 सितंबर 2026 को भी रात के समय 45 मिनट तक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रही थीं।

SBI ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह

ग्राहकों को सलाह दी गई है कि 6 नवंबर की रात 1:45 बजे से 3 बजे के बीच ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने से बचें। पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान करने या अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों को पहले ही पूरा कर लें, ताकि मेंटेनेंस के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *