Home / Chhattisgarh / दीपावली से पहले धमतरी पुलिस अलर्ट, बाजारों में निकाली पैदल पेट्रोलिंग; यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

दीपावली से पहले धमतरी पुलिस अलर्ट, बाजारों में निकाली पैदल पेट्रोलिंग; यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 05 नवंबर 2026। दीपावली पर्व को देखते हुए धमतरी पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

SP भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त SP डी.सी. पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। पैदल पेट्रोलिंग मकई चौक से शुरू होकर सदर बाजार होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक निकाली गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजार मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया।

पेट्रोलिंग के दौरान दुकानों के सामने वाहनों की पार्किंग, सड़क पर सामान रखने और बाजारों में बढ़ती भीड़ से यातायात बाधित होने की संभावनाओं का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर तैनात जवानों को यातायात नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने व्यापारियों और दुकानदारों से भी मुलाकात कर दीपावली के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। दुकानदारों से कहा गया कि वे अपनी दुकानों के सामने अनावश्यक वाहन खड़े न होने दें और सड़क एवं फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें। ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग भी व्यवस्थित रखने को कहा गया।

धमतरी पुलिस ने बताया कि दीपावली के दौरान बाजार क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ नियमित पैदल और वाहन पेट्रोलिंग भी की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।

पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करने और सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित नहीं करने की अपील की है।

पैदल पेट्रोलिंग में एएसपी डी.सी. पटेल, कोतवाली TI निरीक्षक राजेश जगत, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक के.आर. साहू, कोतवाली पुलिस, यातायात पुलिस और चीता स्क्वायड के जवान शामिल रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *