सक्ती, 20 नवंबर। सक्ती पुलिस ने सोशल मीडिया पर नाबालिग बालक का अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किया था। साइबर टिपलाइन से मिली शिकायत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय की एनसीआरबी शाखा, नई दिल्ली के माध्यम से सीसीआईडब्ल्यूसीएस योजना के तहत साइबर टिपलाइन शिकायत प्राप्त हुई थी। इसमें फेसबुक पर महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने की जानकारी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर फेसबुक लॉगिन की तकनीकी जानकारी, 27 अक्टूबर 2022 के आईपी एड्रेस और लॉगिन समय का विश्लेषण किया गया। संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी से जानकारी लेकर आईपी एड्रेस और मोबाइल टावर लोकेशन की जांच की गई। इसमें घटना के समय लोकेशन ग्राम देवरमाल, तहसील सक्ती के आसपास मिली।
आगे की जांच में नाबालिग बालक का अश्लील वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने की पुष्टि हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान राजेन्द्र कुमार मिरी उर्फ गजालाल मिरी (30 वर्ष), निवासी खैयापारा, ग्राम बड़े देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 130/2024 के तहत धारा 67(बी) आईटी एक्ट, धारा 201 आईपीसी एवं धारा 15(2) पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। आरोपी लगातार फरार रहकर अपना ठिकाना और लोकेशन बदल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार 19 नवंबर 2026 को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई SP प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त SP पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस ने की।
सक्ती पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अश्लील, आपत्तिजनक या नाबालिग बच्चों से संबंधित अनुचित सामग्री अपलोड, शेयर अथवा प्रसारित न करें। ऐसा करना गंभीर दंडनीय अपराध है। किसी भी साइबर अपराध की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराई जा सकती है।







