Home / Chhattisgarh / चक्रवात के असर से बारिश की आशंका, धान खरीदी केंद्रों में अलर्ट; कैप कवर और तिरपाल से ढंका गया धान

चक्रवात के असर से बारिश की आशंका, धान खरीदी केंद्रों में अलर्ट; कैप कवर और तिरपाल से ढंका गया धान

ख़बर शेयर करें:

महासमुंद, 20 नवंबर । चक्रवात के प्रभाव से मौसम में अचानक आए बदलाव और बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में खुले में रखे खरीदे गए धान को कैप कवर और तिरपाल से ढंक दिया गया है। साथ ही केंद्रों में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज और पानी निकासी की व्यवस्था भी की गई है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने 19 नवंबर को मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए थे। उन्होंने कहा था कि खुले में रखे धान के सभी स्टेक को अच्छी तरह कैप कवर और तिरपाल से ढंका जाए। साथ ही उन्हें मजबूत रस्सियों से बांधा जाए, ताकि तेज हवा चलने पर कवर या तिरपाल उड़ने की स्थिति न बने और धान को बारिश से सुरक्षित रखा जा सके।

इसके अलावा कलेक्टर ने 20 से 22 नवंबर तक सभी धान खरीदी समितियों के प्रभारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य बारिश के दौरान धान को भीगने और नुकसान होने से बचाना है।

जिला प्रशासन ने सभी खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में भी धान की सुरक्षा और खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *