मोहला-मानपुर। मोहला-मानपुर जिले के औंधी तहसील क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में एक बार फिर दहशत फैल गई है। ग्राम रेंगाटोला के पास बाघ ने दिनदहाड़े पांच पालतू बकरियों का शिकार कर लिया। घटना के दौरान करीब छह महिलाएं मौके पर बकरियां चरा रही थीं। बाघ को अचानक अपने बीच देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, रेंगाटोला गांव से कुछ दूरी पर महिलाएं अपनी बकरियों को चराने के लिए खेत-खलिहान की ओर गई थीं। इसी दौरान शाम के वक्त अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच पहुंच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, बाघ ने पहले एक बकरी को दबोचा और इसके बाद लगातार पांच बकरियों का शिकार कर दिया।
बाघ के हमले से घबराई महिलाओं ने शोर मचाते हुए वहां से भागकर खुद को सुरक्षित किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां दो बकरियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। बताया गया कि बाघ अन्य बकरियों को भी अपने साथ ले गया था। अगले दिन वन विभाग के अमले के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पड़ी दोनों मृत बकरियां भी गायब मिलीं। ग्रामीणों का दावा है कि बाघ पांचों बकरियों को अपने कब्जे में लेकर जंगल की ओर चला गया।
गांव और खेतों के करीब बाघ के पहुंचने की घटना से मवेशी चराने वाले ग्रामीणों, किसानों और आसपास के रहवासियों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बाघ की लगातार निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
घटना के बाद वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। इलाके में गश्त बढ़ाई गई है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बाघ के जंगल की ओर लौटने की संभावना के बीच ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।







